राजकीय महाविद्यालय कमांद में तिरंगा यात्रा एवं देशभक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Spread the love

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य तिरंगा यात्रा से हुआ, जिसका शुभारंभ धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री प्रीतम सिंह पंवार जी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री ललित खंडूरी जी, राज्य मंत्री श्री जोत सिंह बिष्ट जी, ब्लॉक प्रमुख श्री सुरेंद्र सिंह भंडारी जी तथा जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र सिंह रांगड़ जी सहित क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा में राजकीय महाविद्यालय कमांद के छात्र-छात्राओं एवं रोवर-रेंजर विद्यार्थियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज कमांद तथा कमांद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय एवं देशभक्ति के नारों के साथ निकली यह यात्रा कमांद क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और अंततः राजकीय महाविद्यालय कमांद के परिसर में इसका समापन हुआ।


तिरंगा यात्रा के पश्चात महाविद्यालय परिसर में हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत देशभक्ति विषयक संगोष्ठी आयोजित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया तथा संगोष्ठी का संचालन महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर डॉ. शेफाली शुक्ला द्वारा किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए माननीय विधायक श्री प्रीतम सिंह पंवार जी ने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री ललित खंडूरी जी ने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लेने की अपील की। राज्य मंत्री श्री जोत सिंह बिष्ट जी ने तिरंगे को राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। ब्लॉक प्रमुख श्री सुरेंद्र सिंह भंडारी जी ने युवाओं को राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत सदस्य श्री राजेंद्र सिंह रांगड़ जी ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। संगोष्ठी के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इसके पश्चात 14 अगस्त विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक, चीफ प्रॉक्टर डॉ. शेफाली शुक्ला तथा राजनीति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. प्रवीन द्वारा अतिथियों को विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभाजन विभीषिका से संबंधित विभिन्न चित्रों एवं प्रदर्शिनियों का अवलोकन कराया गया। इन चित्रों के माध्यम से वर्ष 1947 के भारत विभाजन की त्रासदी, लाखों लोगों की मृत्यु, बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन तथा लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई भारतीय तिरंगे के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान पर आधारित आर्ट गैलरी तथा भारतीय तिरंगे एवं स्वतंत्रता दिवस की थीम पर बनाई गई विभिन्न रंगोलियों का भी अवलोकन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं देशभक्ति की भावना की सराहना की।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के नेतृत्व में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में कमांद क्षेत्र के नागरिकों एवं स्थानीय जनसमुदाय के साथ-साथ राजकीय महाविद्यालय कमांद के प्राध्यापकगण, शिक्षणेतर कर्मचारीगण तथा कमांद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *