विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में विविध कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आज दिनांक 14 अगस्त 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में वृत्त चित्र प्रदर्शन, विशेषज्ञ व्याख्यान एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन तथा राजनीति विज्ञान विभाग, इतिहास विभाग, अंग्रेज़ी विभाग की विभागीय परिषदों और महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्ष 1947 के भारत विभाजन की त्रासदी, उसके सामाजिक एवं मानवीय प्रभावों तथा विस्थापन की पीड़ा से अवगत कराना और विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापित हुए लोगों की स्मृति को सम्मान देना रहा।

सर्वप्रथम राष्ट्र गीत वंदे मातरम के सामूहिक गान के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ और विद्यार्थियों को विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं एवं उसके दूरगामी प्रभावों पर आधारित वृत्त चित्र दिखाया गया। इसके पश्चात विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ प्राध्यापकों द्वारा विभाजन के विविध आयामों पर व्याख्यान दिए गए। राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. विनीत कुमार ने विभाजन के राजनीतिक कारणों एवं तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों पर प्रकाश डाला। इतिहास विभाग के डॉ. खुशपाल ने विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, घटनाक्रम तथा उसके सामाजिक प्रभावों की विस्तार से चर्चा की। अंग्रेज़ी विभाग के डॉ. आलोक बिजल्वाण ने विभाजन की मानवीय त्रासदी एवं साहित्य में उसके चित्रण के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी ने कहा कि भारत विभाजन केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि मानवीय पीड़ा, विस्थापन और असंख्य परिवारों के बिछड़ने की ऐसी त्रासदी है, जिसकी स्मृति हमें शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता के महत्व का निरंतर बोध कराती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इतिहास की इन घटनाओं से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी अतीत से सीख लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम का संचालन डॉ सुगन्धा वर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विभाजन के दौरान दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ किशोर सिंह चौहान, डॉ किरण जोशी, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ मंजू पांडे, डॉ बृजेश चौहान, डॉ यशवंत सिंह, डॉ निशी दुबे, डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ आलोक बिजल्वाण, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्रीमती उर्वशी जुयाल, श्री राजेश राणा, श्री स्वर्ण सिंह, श्री मदन सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जीतेन्द्र सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी रमोला, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *