सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, भेल में “हरेला एवं पर्यावरण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया

Spread the love

हरिद्वार। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, भेल रानीपुर में हरेला सप्ताह के अंतर्गत “हरेला एवं पर्यावरण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा हरेला पर्व के महत्व पर प्रभावशाली एवं विचारोत्तेजक निबंध प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी श्रद्धा, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला जनपर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक-एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, हरित पर्यावरण और वृक्षों के महत्व पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय परिवार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *