आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को सौंग बाँध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार की संयुक्त अध्यक्षता में सौंग बाँध से प्रभावित क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार आंदोलन 14वें दिन भी जारी रहा।
क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीण लगातार धरना स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। क्षेत्र में विभिन्न शादी समारोह होने के बावजूद ग्रामीण समारोहों में शामिल होने के बजाय धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को मजबूती दे रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर कितनी गंभीर एवं एकजुट है।
लगातार 14 दिनों से जारी इस आंदोलन के बीच सरकार के प्रति क्षेत्रीय जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगें उनके हक, सम्मान, भविष्य और अस्तित्व से जुड़ी हैं, इसलिए अब वे केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। आंदोलन लगातार आगे बढ़ रहा है और जनता का समर्थन दिनों-दिन मजबूत होता जा रहा है।
आंदोलन के 14वें दिन सौंग घाटी सौंग बाँध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून के जिलाधिकारी श्री आशीष चौहान जी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार जी, कोषाध्यक्ष श्री विक्रम कंडारी जी, श्री प्रदीप राणा जी एवं श्री कृपाल सिंह कंडारी जी शामिल रहे।
जिलाधिकारी के साथ क्षेत्र की समस्याओं एवं 15 सूत्रीय मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वार्ता काफी सकारात्मक रही और प्रतिनिधिमंडल को आगे की कार्रवाई एवं मांगों के समाधान की दिशा में उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों को आशा है कि इस वार्ता के बाद उनकी मांगें शासन-प्रशासन के स्तर पर गंभीरता से आगे बढ़ेंगी और न्याय की दिशा में ठोस पहल होगी।
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने स्पष्ट किया कि जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर ठोस एवं न्यायसंगत निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने कहा कि यह लड़ाई केवल बाँध प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है।
शादी समारोहों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के बीच भी ग्रामीणों का धरना स्थल पर पहुंचना इस आंदोलन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जनता का बढ़ता आक्रोश और एकजुटता आंदोलन को नई दिशा एवं मजबूती प्रदान कर रही है।
वहीं धरना स्थल पर सौंग बाँध समिति के सचिव श्री बलवीर कंडारी, प्रधान प्रतिनिधि श्री दिनेश पंवार, पूर्व प्रधान श्री जय सिंह कंडारी, पूर्व प्रधान श्री वीरेंद्र सिंह सेंद्री, श्री मंजीत सिंह पंवार, श्री बीर सिंह पंवार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी धरने पर उपस्थित रहे।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है। 15 सूत्रीय मांगों के न्यायसंगत समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

