आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में जनगणना-2027 के अंतर्गत ऑनलाइन स्वगणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया के प्रति जागरूकता एवं प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के निर्देशन में पहुंची टीम द्वारा महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को स्वगणना की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता एवं मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित श्री मनवीर सिंह रावत, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, श्रीकोट, उत्तरकाशी ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भारत में जनगणना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके महत्व तथा देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में जनगणना की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाते हुए बताया कि इस प्रक्रिया में कुल छह खण्डों के अंतर्गत 40 प्रश्न सम्मिलित हैं, जिनके माध्यम से परिवार एवं उसके सदस्यों से संबंधित विभिन्न जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। उन्होंने स्वगणना पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व से भी अवगत कराया।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. कृष्णा डबराल ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण तथा जनकल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से स्वगणना प्रक्रिया को गंभीरता से समझने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं मंच संचालन महाविद्यालय के जनगणना नोडल अधिकारी डॉ. यशवंत सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए जनगणना प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता को आवश्यक बताया तथा मुख्य प्रशिक्षक एवं नगर पालिका की टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर पालिका चिन्यालीसौड़ से श्री पारस रांगड़ एवं श्री राकेश सिंह राणा और महाविद्यालय से डॉ किरण जोशी, डॉ बृजेश चौहान, डॉ विनीत कुमार, डॉ सुगन्धा वर्मा, डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ आलोक बिजल्वाण, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्रीमती उर्वशी जुयाल, श्री राजेश राणा, श्री मदन सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जीतेन्द्र सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

