हरिद्वार 26 नवम्बर 2026, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में टीम गठित कर भगवानपुर के सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स आर.ए.जी. इंजन्स प्रा. लि. के वाहन स्क्रैपिंग केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में श्री निखिल शर्मा एआरटीओ (प्रशासन), हरिद्वार, कृष्ण पलड़िया एआरटीओ (प्रवर्तन), रुड़की एवं जितेन्द्र चन्द एआरटीओ (प्रशासन), रुड़की उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान संचालक द्वारा सेंटर में मानकों के अनुसार कार्यरत कार्मिको का विवरण नहीं उपलब्ध कराया , साथ ही सेंटर में अधिकतर मशीन उपलब्ध नहीं थी और जो थी वाहन कर्मियों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से कार्यशील नहीं थी।
वाहनों से तेल, ईंधन एवं अन्य हानिकारक तरल पदार्थ निकालने, उनके सुरक्षित भंडारण एवं निस्तारण की व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां मिलीं। बैटरी, एसी गैस एवं इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। वाहन लिफ्ट क्रियाशील नहीं मिली तथा अग्निशमन संबंधी एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं संबंधी कोई व्यवस्था नहीं मिली। परिसर में स्क्रैप एवं टूटे शीशे अव्यवस्थित रूप से जमीन पर बिखरे मिले। वाहन स्क्रैपिंग, सामग्री के भंडारण एवं अपशिष्ट निस्तारण संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक तकनीकी एवं प्रशिक्षित कार्मिक भी नहीं पाए गए। मौके पर उपस्थित कर्मचारी एवं श्रमिक संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।
पर्यावरण एवं जनसुरक्षा को संभावित खतरे के दृष्टिगत केंद्र पर वाहन स्क्रैपिंग, विखण्डन एवं अन्य संचालन संबंधी कार्य अग्रिम निर्देशों तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण आख्या में संचालक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने, अभिलेखों का सत्यापन कराने तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तकनीकी जांच कराकर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इसके अतिरिक्त एआरटीओ रूड़की व हरिद्वार को एक सप्ताह के भीतर एनी स्क्रैपिंग सेंटरों का भी निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया गया है एवं केवल निर्धारित मानकों के अनुपालन के अनुसार ही संचालन सुनिश्चित करवाने हेतु निर्देश दिए हैं ।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

