पौड़ी गढ़वाल, 26 नवम्बर। राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के कार्मिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके उद्देश्य तथा महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में राजकीय इंटर कॉलेज, पाबौ के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता श्री राकेश चंद ने प्रशिक्षक के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने स्व-गणना की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाते हुए बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी आवश्यक जानकारी निर्धारित पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी भरने, विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दर्ज करने तथा ई-आईडी जनरेट करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राकेश भट्ट की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने जनगणना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी का संकलन अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित कार्मिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया गया। मंच संचालन डॉ. सी. बी. नैनवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. इंद्रपाल सिंह रावत, डॉ. राजेंद्र सिंह, श्री अंकित कुमार सिंह, डॉ. सी. बी. नैनवाल एवं डॉ. आशीष घिल्डियाल तथा शिक्षकेतर कर्मचारी श्रीमती सीमा डंगवाल, श्री वीरेंद्र सिंह एवं श्री गुलाब सिंह उपस्थित रहे। कार्यशाला के नोडल अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ रजक रहे।
कार्यशाला के माध्यम से जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्व-गणना प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

