हरिद्वार। प्रांतीय रक्षक दल के सभी स्वयंसेवकों ने आज कार्य बहिष्कार कर रोशनाबाद स्थित जिला युवा कल्याण कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर मौजूद अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रान्तीय रक्षक दल हित संगठन की जनपद कार्यकारिणी से श्री बसंत ने बताया कि गत दिवस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन के प्रतिनिधि मंडल को जवानों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया जिसके उपरांत युवा कल्याण व प्रांतीय रक्षक दल कार्यालय पर की गई तालाबंदी को हटा दिया गया है, परन्तु जब तक कोई लिखित जी.ओ. या कैबिनेट का फैसला नहीं आता तब तक सभी विभागों में तैनात पीआरडी जवान कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि आज भी उक्त संदर्भ में जवानों के एक प्रतिनिधि मंडल की वित्त सचिव से वार्ता सुनिश्चित है जिसके उपरांत ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों
प्रदेश के सभी जिलों से राजधानी देहरादून पहुंचे प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के हजारों जवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदेशभर से पहुंचे PRD जवानों ने परेड ग्राउंड देहरादून से मुख्यमंत्री आवास के लिए विशाल रैली निकाली थी। जवानों की प्रमुख मांगों में होमगार्ड की तर्ज पर उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन व महंगाई भत्ता और साल के 365 दिन रोजगार का लाभ दिया जाए। सीएम आवास की ओर बढ़ रही रैली को मुख्यमंत्री कार्यालय के पास रोक दिया गया तो आक्रोशित जवानों ने वहीं धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस संदर्भ में प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत ने बुलन्द वाणी संवाददाता को बताया कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करे और जल्द ही सकारात्मक निर्णय ले। संगठन के मीडिया प्रभारी विनोद तोमर ने कहा कि पीआरडी जवानों की ओर से अपनी मांगों को लेकर पूर्व में भी संगठन द्वारा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व विभागीय मंत्री रेखा आर्य को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

