हरिद्वार- मां गंगा में गिर रहे गंदे नालों और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ सावक मंच ने एक अनोखा आंदोलन छेड़ दिया है। मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नाईसोता नाले के पास सीधे गंगा जी के पानी के भीतर बैठकर धरना शुरू कर दिया है।
मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “एक तरफ सरकार करोड़ों-अरबों रुपये का बजट देकर अर्धकुंभ को कुंभ का भव्य रूप दे रही है, वहीं दूसरी तरफ आस्था की प्रतीक मां गंगा में गंदे नाले बहाए जा रहे हैं। श्रद्धालु जिस जल से आचमन करते हैं, उसका इस तरह प्रदूषित होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि गंगा रक्षा के लिए उनका यह निर्णायक संघर्ष अब थमने वाला नहीं है।
इस अनूठे धरने में जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, शरद अग्रवाल, शिवम कौशिक, विशाल यादव, तरुणा चोपड़ा, सुनील शर्मा, राजू बक्शी और जय बाली समेत दर्जनों पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता एकजुट रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

