लक्सर- स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

लक्सर, हरिद्वार – राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लक्सर, हरिद्वार में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय के स्वयंसेवियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के एंटी-ड्रग सेल के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की चेतना, स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं का नशे से दूर रहना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

इसके पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विष्णु कुमार शर्मा ने स्वयंसेवियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक मिशन है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवियों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए समाज में भी स्वच्छता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

इसी क्रम में महाविद्यालय के करियर काउंसिल सेल के नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं को अपने कौशल के विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति में कार्य करने की लगन और आगे बढ़ने का जुनून हो, तो सुविधाओं का अभाव भी उसकी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने भीतर आत्मविश्वास, कौशल एवं निरंतर सीखने की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील भाटी ने सभी कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वच्छ वातावरण के निर्माण, स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. मीनाक्षी कश्यप, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. प्रकाश शाह, डॉ. राजेंद्र चौहान, डॉ. रुचिका कटियार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *