राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में विश्वविद्यालय द्वारा प्राप्त निर्देशों तथा लिंगदोह समिति की संस्तुतियों के अनुरूप, प्राचार्य प्रोफेसर सुभाष चंद्र वर्मा के दिशा-निर्देशन में छात्र संघ निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
निर्वाचन अधिसूचना के पूर्व महाविद्यालय में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक छात्र संघ निर्वाचन समिति के प्रभारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल कुमार तिवारी के संयोजन में संपन्न हुई। बैठक में निर्वाचन समिति के सदस्य डॉ. पूर्णिमा विश्वकर्मा, डॉ. भगवत जोशी, डॉ. सुनील कुमार आर्या, एवं डॉ. पवन सिंह के साथ-साथ डॉ नवीन कुमार, डॉ चंद्रकांत तिवारी, डॉ सुनीता जोशी, डॉ धर्मेंद्र यादव और संभावित प्रत्याशी, छात्र-छात्राएं तथा पूर्व छात्र-छात्राएं एवं पूर्व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि छात्र संघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बैठक के उपरांत छात्र संघ निर्वाचन की अधिसूचना के संबंध में प्रस्तावित कार्यक्रम विवरण का मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल कुमार तिवारी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए नामांकन प्रपत्रों की बिक्री 23 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगी।
नामांकन दाखिल 24 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक किए जा सकेंगे। नाम वापसी 25 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक होगी। नामांकन प्रपत्रों की जांच 25 सितंबर 2026 को अपराह्न 2:00 बजे से 4:00 बजे तक की जाएगी तथा वैध प्रत्याशियों की घोषणा उसी दिन अपराह्न 4:00 बजे के बाद की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आम सभा 26 सितंबर 2026 को अपराह्न 1:00 बजे से आम सभा की समाप्ति तक आयोजित की जाएगी। मतदान 29 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक संपन्न होगा। मतदान समाप्ति के पश्चात मतगणना की जाएगी तथा परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके तुरंत उपरांत विजयी पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में अनुशासन, सौहार्द तथा छात्र संघ संविधान की मर्यादा एवं गरिमा का पूर्णतः पालन करते हुए सहभागिता करें और महाविद्यालय में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
