हरिद्वार, 31 जुलाई- हरिद्वार पुलिस के दो रिक्रूट कांस्टेबलों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सड़क पर अचेत अवस्था में मिले एक वृद्ध की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज टोल प्लाजा से हरिद्वार की ओर लगभग 60 मीटर दूरी पर कांवड़ यात्रियों ने सूचना दी कि एक वृद्ध व्यक्ति सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं।
सूचना मिलते ही रिक्रूट कांस्टेबल दीपक सिंह पटवाल एवं रिक्रूट कांस्टेबल सौरभ बुढ़लाकोटी तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने वृद्ध को होश में लाने के लिए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन जब उन्हें होश नहीं आया तो उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए कांवड़ यात्रियों से गद्दा मंगवाया और अत्यंत सावधानीपूर्वक वृद्ध को उस पर लिटाकर निकट स्थित NHAI प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार केंद्र में चिकित्सकों द्वारा वृद्ध को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों एवं कांवड़ यात्रियों ने सराहना की।
हरिद्वार पुलिस की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए हर समय तत्पर रहती है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
