हरिद्वार, 25 जुलाई। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार में शनिवार को कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंतवाल ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के संदर्भ में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ कानून का पालन और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। हाल के दिनों में जंतर-मंतर क्षेत्र में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान उत्पन्न अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को अफवाहों से बचने तथा केवल विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी। हाल के प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा संबंधी कदम भी उठाए गए हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य दीपक कुमार एवं इंदु जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका शिक्षकों ने विस्तार से उत्तर दिया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
