हरिद्वार, 22 जुलाई। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार में आगामी विज्ञान महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले विज्ञान प्रश्नमंच के लिए प्रथम स्क्रीनिंग टेस्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 80 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता एवं विषय ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों का विषय नहीं बल्कि जीवन को समझने और समस्याओं के समाधान खोजने की एक प्रभावी विधा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान आधारित प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रतियोगिता प्रमुख सुश्री प्रियंका जी एवं श्रीमती नेहा वर्मा जी, विज्ञान प्रमुख श्री भानु प्रताप सिंह जी एवं श्री देवेश पाराशर जी तथा विज्ञान विषय के आचार्य श्री प्रवीण कुमार जी, श्रीमती करुणा जी, श्री अमित ध्यानी जी, श्रीमती सोनिया जी, श्री कैलाश जी एवं सुश्री पूजा जी का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सहयोगी आचार्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि चयनित विद्यार्थी आगामी विज्ञान महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।


Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
