धनौरी पी.जी. कॉलेज में नवीन सत्र 2026–27 के लिए एंटी रैगिंग समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

Spread the love

धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026–27 के सफल एवं अनुशासित संचालन को दृष्टिगत रखते हुए महाविद्यालय की एंटी रैगिंग समिति की अति आवश्यक एवं महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं रैगिंग-मुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग अधिनियम, यूजीसी के दिशा-निर्देशों, रैगिंग के दुष्परिणामों तथा शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, परामर्श सत्र एवं सूचना प्रसार जैसी गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

एंटी रैगिंग समिति की नोडल अधिकारी डॉ. अलका सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि “रैगिंग एक सामाजिक एवं कानूनी अपराध है। महाविद्यालय में किसी भी प्रकार की रैगिंग के प्रति शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई गई है। हमारा उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को ऐसा सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, जहाँ वे बिना किसी भय के अपनी शैक्षणिक यात्रा प्रारम्भ कर सकें। सभी विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वे आपसी सम्मान, सहयोग एवं अनुशासन की भावना के साथ महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखें।”

बैठक में समिति के सदस्य डॉ. सुशील कुमार, डॉ. राखी बालियान, डॉ. अंजलि सैनी, डॉ. विजय कुमार, सुश्री मोनिका रानी तथा छात्र प्रतिनिधि सरिता उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने महाविद्यालय को पूर्णतः रैगिंग-मुक्त बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

अंत में यह निर्णय लिया गया कि नवीन सत्र के दौरान एंटी रैगिंग समिति नियमित रूप से महाविद्यालय परिसर की निगरानी करेगी तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित, सकारात्मक एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *