“पेड़ लगाएँ, प्रकृति बचाएँ” के संदेश को आत्मसात करते हुए आज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सेक्टर 2 भेल रानीपुर हरिद्वार में उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंतवाल, प्रदेश परीक्षा प्रमुख नत्थीलाल बंगवाल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर के प्रधानाचार्य अजय कुमार, आचार्यगण एवं सभी भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई तथा प्रत्येक पौधे की देखभाल का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य महोदय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि, “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना है, तो प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी रक्षा करने का संकल्प लेना होगा। आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में अनेक लोगों को जीवनदायिनी शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करेगा।”

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायक एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला सिद्ध हुआ।


Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
