हरिद्वार- हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर शनिवार सुबह कटारपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बादशाहपुर निवासी सौरभ (28) और पुरुषोत्तम नगर (पथरी) निवासी राजू (25) अपनी-अपनी बाइकों से हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर जा रहे थे। कटारपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात चारपहिया वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक राजू इन दिनों कांवड़ मेले में प्राइवेट ड्यूटी पर तैनात था। उसकी असमय मौत से साथियों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि सुबह कटारपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर की सूचना मिली थी। दुर्घटना में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
