आज दिनांक 15 नवंबर 2026 को सौंग घाटी क्षेत्रीय समिति (सौंग बाँध प्रभावित एवं विस्थापित विकास कार्य समिति) के तत्वावधान में समिति के माननीय अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार की अध्यक्षता में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार चौथे दिन भी जारी रहा।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया गया।
आंदोलन में समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार, सचिव बलवीर सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंडारी, मीडिया प्रभारी रविराज पंवार, सुमित कंडारी, दीपक पंवार, संयुक्त सचिव दीपेंद्र कोठारी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कुलदीप सिंह, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, हरेंद्र पंवार तथा क्षेत्र के प्रधानगण श्री विजेंद्र सिंह सौंद, खेमराज कंडारी, देवेंद्र नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आंदोलन स्थल पर क्षेत्रीय जनता का आक्रोश और एकजुटता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

सरकार को दो टूक चेतावनी
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग की। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि सौंग घाटी की जनता अब अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने वाली नहीं है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बावजूद सरकार ने मांगों की अनदेखी की तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत है और अब निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

