नरेंद्र नगर/गजा (टिहरी)। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने शनिवार को क्वीली पट्टी के मैदार, अमसारी गांव, बैरोला और अदाली (सैण) का भ्रमण कर जन संवाद कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने दखिण काली मंदिर मैदार में पूजा-अर्चना की तथा चाका सड़क से अदाली सैण तक नवनिर्मित मार्ग का लोकार्पण भी किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि गजा में पदों के सृजन के साथ 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने पलायन रोकने के लिए ग्रामीणों से होम स्टे, पॉली हाउस, बागवानी, मशरूम और अदरक उत्पादन जैसी अनुदानित योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने की अपील की। महिला समूहों को पिरुल एकत्रीकरण के माध्यम से ‘लखपति दीदी’ बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने लोगों से अपनी पैतृक भूमि न बेचने और जनगणना अपने गांव में ही कराने का आह्वान किया, ताकि पहाड़ की विधानसभा व संसदीय सीटें सुरक्षित रह सकें।
मंत्री ने विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से लाखों रुपये देने की घोषणा भी की। इससे पूर्व ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और ग्राम प्रधानों ने मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल, ताजबीर सिंह खाती, मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, पूर्व अध्यक्ष बीर सिंह रावत, जगत सिंह असवाल, प्रधान धन सिंह सजवाण, अनिल असवाल, मंगेश उनियाल सहित तहसीलदार राजेन्द्र सिंह गुनसोला, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, लोनिवि ईई प्रवीन कर्नवाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

