सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2: कन्या भारती के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

Spread the love

आज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, भेल रानीपुर, हरिद्वार में आज कन्या भारती के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त हिंदी शिक्षिका श्रीमती शशि सिंघल, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सेक्टर-5, श्री दीपक सिंघल, प्रांतीय प्रतिनिधि तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।

शपथ ग्रहण समारोह में श्रीमती शशि सिंघल ने कन्या भारती की छात्राओं को उनके पद एवं दायित्वों के प्रति निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री के रूप में लावण्या, उप प्रधानमंत्री अनामिका, सेनापति मोनाली, न्यायाधीश अनुष्का तथा उप न्यायाधीश वृंदा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

इस अवसर पर श्रीमती शशि सिंघल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पद केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का दायित्व भी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने पद के अनुरूप कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में प्राप्त जिम्मेदारियां भविष्य में नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का आधार बनती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कन्या भारती छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी छात्राएं अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्यालय की गरिमा को बढ़ाएं तथा अन्य बहनों के लिए प्रेरणास्रोत बनें। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ दूसरों पर अधिकार करना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना और आवश्यकता पड़ने पर सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना है।

प्रधानाचार्य ने विश्वास व्यक्त किया कि कन्या भारती की नवनिर्वाचित टीम अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय में अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य-आचार्याओं एवं छात्राओं की उपस्थिति रही। समारोह का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध से परिपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *