कोटद्वार: राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्र संघ सप्ताह के अंतर्गत द्वितीय दिवस पर बौद्धिक और सृजनात्मक गतिविधियों की आकर्षक झलक देखने को मिली।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी के संरक्षण एवं छात्र संघ प्रभारी डॉ. सुशील चंद्र बहुगुणा के निर्देशन में वाद-विवाद एवं व्यक्तिचित्र निर्माण प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता: वरदान या अभिशाप” अत्यंत समसामयिक और विचारोत्तेजक रहा। प्रतिभागियों ने विषय के विभिन्न आयामों—तकनीकी प्रगति, रोजगार, नैतिकता और मानव जीवन पर प्रभाव—पर अपने सशक्त विचार प्रस्तुत किए।
पक्ष में स्वेता बैंजवाल (एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) ने अपने प्रभावशाली तर्कों से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि देवाशीष (बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर) द्वितीय स्थान पर रहे। दीक्षा बलोदी (बी.एड. प्रथम सेमेस्टर) एवं अंजली रावत (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
विपक्ष में धरा रावत (एम.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, निरूपा (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान तथा अंजली आर्य (बी.एड. प्रथम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. रोशनी असवाल रहीं, जबकि निर्णायक मंडल में डॉ. डी. वी. सिंह, डॉ. जितेंद्र दिवाकर एवं डॉ. संत कुमार ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के तार्किक विश्लेषण और अभिव्यक्ति कौशल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात आयोजित व्यक्तिचित्र निर्माण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और कलात्मक दृष्टि का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला। उषा गुसाईं (बी.ए. षष्ठ सेमेस्टर) ने प्रथम, खुशी कुकरेती (बी.ए. षष्ठ सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा आयुश्री तिवारी (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. विनोद सिंह रहे, जबकि निर्णायक मंडल में डॉ. अंशिका बंसल, डॉ. रश्मि बहुखंडी एवं पवन भट्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी ने विजेता एवं प्रतिभागी सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, तार्किक सोच एवं रचनात्मकता को निखारने का सशक्त माध्यम हैं।
छात्र संघ प्रभारी डॉ. सुशील चंद्र बहुगुणा ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र संघ सप्ताह के अंतर्गत आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. रमेश सिंह चौहान, डॉ. जूनीश कुमार, डॉ. संतोष गुप्ता डॉ. संदीप कुमार, डॉ. रंजना सिंह, श्रद्धा सिंह, डॉ. सुनीता नेगी, डॉ. हीरा सिंह श्री शेखर मैठाणी सहित अनेक शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसने छात्र संघ सप्ताह को और अधिक जीवंत बना दिया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
