नानकमत्ता, 30 अक्टूबर 2026: महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शुक्रवार को नशामुक्ति जागरूकता रैली एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मृत्युंजय शर्मा ने रवाना किया। रैली महाविद्यालय से प्रारंभ होकर मिलक माफी, बंगाली कॉलोनी सहित नानकमत्ता के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। इस दौरान स्वयंसेवियों ने जनसामान्य को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
रैली के उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में नानकमत्ता के पुलिस उपनिरीक्षक श्री कृपाल सिंह पटवाल ने कहा कि “नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है।” उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
इस अवसर पर दक्ष एकेडमी के निदेशक एवं जूडो-कराटे के अंतरराष्ट्रीय कोच श्री किशोर सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, योग एवं नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज तथा सशक्त एवं विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि “युवा देश की अमूल्य पूँजी हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उनका स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त होना आवश्यक है।” राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रवि जोशी ने कहा कि “नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व है।
युवाओं की सक्रिय भागीदारी एवं जनजागरूकता से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक परिवर्तन लाया जा सकता है।” महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राघवेन्द्र मिश्रा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सजग रहने तथा अपने साथियों एवं समुदाय को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्थानीय स्तर पर स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मृत्युंजय शर्मा, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. राघवेन्द्र मिश्रा, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. चम्पा टम्टा, डॉ. उमेश जोशी, डॉ. शशि प्रकाश सिंह, डॉ. मंजुलता जोशी, खुशबू जोशी, शगुन, स्नेहा, सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं अधिकांश छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

