रुड़की (हरिद्वार)। धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के उद्देश्यों के अनुरूप आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या इंटर कॉलेज, रुड़की में शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं व्यावहारिक कौशल को प्रोत्साहित करना तथा उनकी सृजनात्मक प्रतिभा को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में धनौरी पी.जी. कॉलेज की ओर डॉ. रुचि शर्मा, डॉ. प्रियंका नेगी एवं डॉ. मीनाक्षी सैनी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान छात्राओं को रचनात्मक गतिविधियों के महत्व तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें कला के क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षिक एवं करियर संबंधी संभावनाओं से परिचित कराया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में अनुभवात्मक शिक्षा, कौशल विकास, रचनात्मकता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं में रचनात्मक सोच विकसित करने और उन्हें अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रेरित करने की एक पहल रहा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती रेनू सैनी का सहयोग रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. विजय कुमार ने कहा कि आउटरीच कार्यक्रम विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के बीच शैक्षिक समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा और कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने में सहायक हैं।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

