- उपेक्षा से बदहाल पौराणिक कुंड के जीर्णोद्धार की मांग तेज, 14 नवंबर को होगा विशाल धरना
हरिद्वार- धर्मनगरी हरिद्वार की ऐतिहासिक पहचान और महाभारत काल की स्मृतियों को संजोए रखने वाला ‘भीमगोड़ा कुंड’ आज संरक्षण की बाट जोह रहा है। इस प्राचीन धरोहर की लगातार हो रही उपेक्षा के खिलाफ अब सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। कुंड के व्यापक जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर ‘राष्ट्रीय सावक मंच’ ने धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
भारतीय हिंदूवाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय सावक मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने जारी बयान में कहा कि भीमगोड़ा कुंड हमारी सनातन आस्था और गौरवशाली इतिहास का अमूल्य हिस्सा है। दुर्भाग्यवश, देखरेख के अभाव में यह ऐतिहासिक विरासत अपना अस्तित्व खोती जा रही है। उन्होंने कहा कि अपनी धरोहरों को सहेजना हमारा नैतिक कर्तव्य है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति और इतिहास पर गर्व कर सकें।
कुंड का खोया हुआ वैभव और गौरवशाली स्वरूप वापस दिलाने के लिए मंच की ओर से एक दिवसीय धरने का आह्वान किया गया है। श्री कौशिक ने हरिद्वार के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और सनातन धर्म प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में धरने में पहुंचकर इस मुहिम को सफल बनाने की अपील की है।
आंदोलन की रूपरेखा:
• तारीख: 14 नवंबर 2026 (शनिवार)
• समय: सुबह 11:00 बजे से
• स्थान: भीमगोड़ा कुंड परिसर, भीमगोड़ा (हरिद्वार)

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

