हरिद्वार- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गैस प्लांट के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी से अनबन के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी विशाल राम के रूप में हुई है।
वह अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
मौके पर पुलिस के साथ एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम भी तैनात रही। पुलिस लगातार युवक को समझाने में जुटी रही। युवक का कहना था कि उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया जाए, तभी वह नीचे उतरेगा। पुलिस ने उसकी पत्नी से संपर्क करने का प्रयास किया तो जानकारी मिली कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में है।
जानकारी के अनुसार, विशाल राम गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। दोनों के बीच विवाद होने के बाद पत्नी उसे छोड़कर उत्तर प्रदेश के बड़ौत चली गई थी। पत्नी के बड़ौत में होने की जानकारी मिलने पर विशाल वहां भी पहुंच गया था। बताया गया कि उस दौरान भी वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और पत्नी से बात करने की जिद करने लगा।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत कराई, जिसके बाद विशाल टावर से नीचे उतर आया। विशाल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं हुई। बाद में उसकी पत्नी बड़ौत से भी कहीं चली गई।
कुछ समय बाद विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंच गया। यहां गैस प्लांट के पास वह दोबारा मोबाइल टावर पर चढ़ गया और पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा।
जानकारी के अनुसार युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद थीं। पुलिस युवक से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास कर रही थी, ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

