धनौरी, हरिद्वार (06 मई, 2026): धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा आज विद्यार्थियों के लिए ‘लैब अवेयरनेस एंड सेफ्टी’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दौरान रसायन विज्ञान विभाग के सहायक आचार्यों ने विद्यार्थियों को प्रयोगशाला में कार्य करते समय बरती जाने वाली अनिवार्य सतर्कताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने प्रयोगात्मक सत्रों के दौरान होने वाले संभावित खतरों जैसे— बायोलॉजिकल हजार्ड, इलेक्ट्रिकल हजार्ड्स, मैकेनिकल हजार्ड्स एवं केमिकल हजार्ड्स (रासायनिक खतरों) से होने वाली हानियों और उनके दुष्प्रभावों के बारे में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाया। छात्रों को बताया गया कि लैब में सुरक्षा उपकरणों का सही उपयोग और प्रोटोकॉल का पालन करना कितना अनिवार्य है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रयोगशाला में ज्ञान के साथ-साथ सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति में ‘त्वरित मूल्यांकन एवं कार्रवाई’ की महत्ता पर जोर दिया। प्राचार्य जी ने समय-समय पर आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल्स के महत्व को समझाते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास ही संकट के समय जान-माल की हानि को कम कर सकता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका वत्स के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर विभाग एवं महाविद्यालय के अन्य वरिष्ठ प्राध्यापक उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से डॉ. प्रियंका त्यागी, डॉ. अनुपम, श्रीमती अंजलि, डॉ. कृष्ण बिष्ट, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. प्रीति राठौर, डॉ. हरीश रावत, डॉ. श्वेता त्यागी, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. अंकुर नेहरा और डॉ. राहुल कुमार आदि ने अपने विचार साझा कर छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने प्रयोगशाला नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com
