डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा एवं सतर्कता को लेकर एक दिवसीय संगोष्ठी का किया आयोजन

Spread the love

पैठाणी, 12 सितंबर 2026। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “साइबर जागरूकता एवं सुरक्षा” तथा आपदा प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए संगोष्ठी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने साइबर क्राइम को रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा दिये गये टोलफ्री नंबर भी प्रतिभागियों के साथ साझा किए।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिनेश रावत ने साइबर सुरक्षा के वर्तमान परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
संगोष्ठी के विषय विशेषज्ञ डॉ. सतवीर ने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक एवं वेबसाइट, ओटीपी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड के उपयोग तथा व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी को सुरक्षित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक या ई-मेल पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया न देने की अपील की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सम्मानित प्राध्यापक डॉ. कुमार गौरव जैन, डॉ. कल्पना रावत, डॉ. खिलाप सिंह, डॉ. उर्वशी, डॉ. आलोक कंडारी एवं डॉ. प्रकाश फोंदणी ने भी उपस्थित होकर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता प्रदान करने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *