किशोर वर्ग विज्ञान प्रश्नमंच स्क्रीनिंग परीक्षा में 70 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Spread the love

हरिद्वार, 23 जुलाई, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार में आगामी “विज्ञान महोत्सव” के अंतर्गत आयोजित होने वाले “किशोर वर्ग विज्ञान प्रश्नमंच” के लिए प्रथम स्क्रीनिंग परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता एवं विषय ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न वैज्ञानिक एवं तार्किक प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने की प्रभावी प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार, तार्किक चिंतन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में प्रतियोगिता प्रमुख  श्रीमती करुणा जी एवं श्री देवेश जी, विज्ञान प्रमुख श्री भानु प्रताप सिंह जी तथा विज्ञान विषय के आचार्य श्री प्रवीण कुमार जी, सुश्री प्रियंका, श्री अमित ध्यानी जी, श्रीमती सोनिया जी, श्री कैलाश जी एवं सुश्री पूजा जी का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी चरण की तैयारियों के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *