12 नवंबर 2026 | सौंग घाटी, देहरादून/टिहरी गढ़वाल: सौंग घाटी क्षेत्र के बांध प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की लंबित 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर आज दिनांक 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन बांध कार्य बहिष्कार एवं जनआंदोलन का विधिवत प्रारंभ कर दिया गया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा अपनी मांगों के समाधान हेतु शासन-प्रशासन से आग्रह किया जा रहा था, लेकिन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास कार्य समिति के माननीय अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार की अध्यक्षता में विधानसभा धनोल्टी की ग्राम पंचायत तौलियाकाटल के सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के गांव हिलासवाली के समीप अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार एवं जनआंदोलन प्रारंभ किया गया। आंदोलन में क्षेत्र की माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा, बच्चे तथा सैकड़ों क्षेत्रवासी शामिल हुए।
आंदोलन की प्रमुख 15 सूत्रीय मांगें
समिति एवं क्षेत्रवासियों द्वारा निम्नलिखित मांगों के निराकरण की मांग की जा रही है—
1. भूमि के बदले भूमि उपलब्ध कराई जाए।
2. आंशिक विस्थापित परिवारों को 200 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड दिया जाए।
3. सर्किल रेट में वृद्धि की जाए तथा आंशिक विस्थापितों को आर्थिक पैकेज दिया जाए।
4. प्रत्येक प्रभावित परिवार के सदस्य को सरकारी अथवा गैर सरकारी रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
5. PMGSY से प्रभावित 4 परिवारों को पूर्ण प्रभावितों की श्रेणी में शामिल किया जाए तथा दाननामे में छूटे 4 परिवारों को पृथक इकाई माना जाए।
6. 18 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को अलग परिवार माना जाए तथा तीसरी पीढ़ी को भी मुआवजा दिया जाए।
7. एकमुश्त सहायता राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये की जाए।
8. क्षेत्र में बांध के दोनों तरफ रिंग रोड का निर्माण किया जाए।
9. बांध स्थल से गंधक पानी तथा सौंदणा से प्राथमिक विद्यालय गवाली डांडा तक सड़क का निर्माण किया जाए एवं PMGSY सड़क को गंधक पानी से कुंड गांव तक पूर्ण किया जाए।
10. राजकीय इंटर कॉलेज रगड़ गांव एवं लघु बाजार का विस्थापन तथा समुचित विकास किया जाए।
11. क्षेत्र में तीन पुलों का निर्माण किया जाए—
– रगड़ गांव एवं घड़साल गांव के बीच।
– गंधक पानी एवं सेरा के बीच।
– पसनी एवं कुंड के बीच।
12. बांध/झील के आसपास प्रभावित परिवारों को स्वरोजगार हेतु पट्टे आवंटित किए जाएं।
13. प्रभावित बंजर भूमि के लिए वाटर पंपिंग योजना के माध्यम से पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
14. प्रभावित क्षेत्र में मानव एवं पशुओं के लिए उचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
15. वर्ष 2021 से पूर्व विवाहित महिलाओं को भी मुआवजे की श्रेणी में शामिल किया जाए।
समिति पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों की सहभागिता
आंदोलन के प्रारंभ अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार, सचिव श्री बलवीर सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कंडारी, संगठन मंत्री श्री आनंद सिंह नेगी, उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश पंवार, मीडिया प्रभारी श्री रविराज पंवार, श्री सुमित कंडारी, संयुक्त सचिव श्री दीपेंद्र कोठारी, श्री हरेंद्र पवार, प्रधान श्री कुलदीप सिंह, छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष श्री आदित्य कंडारी, प्रतिनिधि श्री दिनेश सिंह पंवार, श्री विजेंद्र सिंह सौंद, श्री खेमराज कंडारी, श्री दिनेश रैठवान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री अखिलेश उनियाल, ज्येष्ठ प्रमुख श्री जय कृष्ण उनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री रघुवीर सिंह नेगी एवं श्री संदीप पंवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने आंदोलन में सहभागिता कर अपनी मांगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की।
मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प
समिति एवं क्षेत्रवासियों का कहना है कि सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की मांगें केवल आर्थिक मुआवजे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके भविष्य, आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार एवं सम्मानजनक पुनर्वास से जुड़ी हुई हैं। वर्षों से लंबित इन समस्याओं का समाधान प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए किया जाना आवश्यक है।
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन बांध कार्य बहिष्कार एवं जनआंदोलन जारी रहेगा।
समिति ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र वार्ता एवं समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को न्याय मिल सके और लंबे समय से लंबित मांगों का निराकरण हो सके।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

