आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘विकसित भारत 2047: मेरी कल्पना’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विकसित भारत के भावी स्वरूप, आत्मनिर्भरता, नवाचार, शिक्षा, रोजगार, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता जैसे विभिन्न आयामों पर अपने लेखन के जरिए विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना, रचनात्मक चिंतन, लेखन कौशल तथा विकसित भारत के प्रति जागरूकता एवं उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर, समावेशी एवं सशक्त राष्ट्र के रूप में देखने की अपनी कल्पनाओं और अपेक्षाओं को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. यशवंत सिंह एवं डॉ. सुगन्धा वर्मा रहे। प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल में डॉ. खुशपाल एवं डॉ. मंजू पांडे सम्मिलित रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी जी ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल एक राष्ट्रीय लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी और संकल्प का विषय है। युवाओं की कल्पनाशीलता, नवाचार की क्षमता और सकारात्मक सोच ही भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्र के भविष्य के प्रति अपनी भूमिका को समझने और अपने विचारों को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के भारत के निर्माता होंगे।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शिवानी भट्ट (बी. कॉम. तृतीय सेमेस्टर) ने, द्वितीय स्थान वंदना पंवार (बी.एससी. पंचम सेमेस्टर) ने एवं तृतीय स्थान स्मृति रावत (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) और अनामिका (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

