गजा (टिहरी गढ़वाल)। नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र की पांच पट्टियों के केंद्र नगर पंचायत गजा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को 4 बेड से बढ़ाकर 30 बेड करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तराखंड शासन के सचिव विनय शंकर पांडे ने महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य को पत्र जारी कर अस्पताल के लिए कुल 24 नए पदों की स्वीकृति दे दी है। इनमें 7 चिकित्सा, 8 पैरामेडिकल, 1 प्रशासनिक और 8 आउटसोर्सिंग के पद शामिल हैं।
गौरतलब है कि धार अकरिया, मखलोगी, क्वीली, पालकोट और कुजणी पट्टियों के लोगों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के अनुरोध पर ‘गजा घंटाकर्ण महोत्सव’ में अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा की थी। अब पदों की मंजूरी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल शीघ्र ही इसका उद्घाटन करेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि महोत्सव में की गई सभी घोषणाएं धरातल पर उतर रही हैं। इस सौगात पर जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, जोत सिंह असवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, मंडल महामंत्री सुनील सिंह चौहान, मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान सहित सभी प्रधानों, व्यापार सभा, टैक्सी यूनियन और सभासदों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

