देहरादून, 17 जून 2026, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता, रायपुर, देहरादून में आज दिनांक 17 जून 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के स्टडी सेंटर 11128 के तत्वावधान में इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, पाठ्यक्रमों एवं अध्ययन प्रक्रिया से अवगत कराना तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विनोद प्रकाश अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री गोविंद सिंह रावत उपस्थित रहे। प्राचार्य महोदय द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर महा विद्यालय के प्रोफेसर प्रीत पाल सिंह द्वारा प्राचार्य महोदय को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम के मंच का कुशल संचालन स्टडी सेंटर कोऑर्डिनेटर डॉ. कविता काला, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता, रायपुर देहरादून द्वारा किया गया।
डॉ. कविता काला ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्टडी सेंटर की नियमित गतिविधियों और परामर्श कक्षाओं के महत्व के बारे में बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असिस्टेंट डायरेक्टर श्री गोविंद सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय का उद्देश्य हर वर्ग के विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है और इसी उद्देश्य से स्टडी सेंटर 11128 को सशक्त बनाया जा रहा है। छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्होंने तीन प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला –
1. पुस्तकें कैसे प्राप्त होंगी: श्री रावत ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को स्व-अध्ययन सामग्री (Self Learning Material) निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। यह सामग्री डाक के माध्यम से विद्यार्थियों के पते पर तथा स्टडी सेंटर के माध्यम से वितरित की जाती है। इसके अतिरिक्त सभी पुस्तकें ई-बुक के रूप में विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं, जिसे छात्र कभी भी डाउनलोड कर सकते हैं।
2. ऑनलाइन स्टडी कैसे करेंगे: उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली के बारे में बताते हुए कहा कि छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://uou.ac.in पर जाकर अपने पाठ्यक्रम से संबंधित ई-लर्निंग सामग्री, वीडियो लेक्चर, ऑडियो लेक्चर तथा पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के LMS पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन की कार्यप्रणाली को भी विस्तार से समझाया, जिससे छात्र घर बैठे ही अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं।
3. परामर्श कक्षाएं और विषयगत कठिनाइयाँ: उन्होंने बताया कि स्टडी सेंटर 11128 में सभी विषयों के लिए नियमित रूप से परामर्श कक्षाओं (Counselling Sessions) का आयोजन किया जाएगा। इन कक्षाओं में विषय विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं की विषय से संबंधित कठिनाइयों का निराकरण महाविद्यालय स्तर पर ही किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन कक्षाओं में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें।
इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। छात्र-छात्राओं को उनके विषयों से संबंधित सारी कठिनाइयों के बारे में व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन दिया गया।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विनोद प्रकाश अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि मालदेवता महाविद्यालय का स्टडी सेंटर 11128 निरंतर छात्र हित में कार्य कर रहा है और भविष्य में भी विद्यार्थियों की हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर श्री गोविंद सिंह रावत का महाविद्यालय में आने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ यतीश बशिष्ठ जी द्वारा अपने उद्बोधन में बताया गया कि जो लोग नौकरी पेशा वाले हैं उनके लिए अपनी शिक्षा को जारी रखने का यह बहुत अच्छा प्लेटफार्म है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. कविता काला द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ धर्मेन्द्र राठौड़ , सहायक कॉर्डिनेटर डॉ तिवारी, डॉ उमा पपनोई , डॉ सुमन सिंह गुसाई , डॉ रामचंद्र सिंह नेगी एवं बड़ी संख्या में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ शांतिपूर्ण ढंग से हुआ।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

