देहरादून, 16 अक्टूबर 2026। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता (रायपुर), देहरादून के करियर काउंसलिंग सेल द्वारा पर्यटन क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार एवं करियर निर्माण की संभावनाओं पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास बोर्ड की अपर निदेशक श्रीमती पूनम चंद एवं क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी श्रीमती नीतू सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. पी. अग्रवाल के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशालय के प्रभारी निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में करियर काउंसलिंग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगारपरक कौशल एवं उद्यमिता से जोड़ना भी है। उत्तराखण्ड में पर्यटन क्षेत्र स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं प्रस्तुत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमताओं के अनुरूप अवसरों की पहचान कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही इस प्रकार की रोजगारोन्मुख कार्यशालाओं को युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता श्रीमती पूनम चंद ने उत्तराखण्ड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पर्यटन क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों, स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी श्रीमती नीतू सिंह ने विद्यार्थियों को इंडिया स्किल्स पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप कौशल एवं दक्षताओं को विकसित करने पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला के दौरान आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने पर्यटन, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण एवं करियर से संबंधित विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीना रावत ने किया। अंत में करियर काउंसलिंग सेल की संयोजक डॉ. डिम्पल भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार के व्यावहारिक अवसरों से जोड़ने तथा उनमें उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. पी. अग्रवाल ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए करियर काउंसलिंग सेल की टीम को बधाई दी। कार्यक्रम में डॉ. विश्वनाथ राणा एवं डॉ. गणेश रतूड़ी ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कार्यालय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

