आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत योग प्रतियोगिता एवं नशा मुक्ति जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग के प्रति जागरूक बनाने तथा नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का संयोजन महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक श्री राजेश राणा एवं एंटी ड्रग्स सेल के प्रभारी डॉ. अशोक कुमार अग्रवाल ने किया। योग प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए योगाभ्यास एवं विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता और अनुशासन के महत्व को प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास अपनाकर अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, एंटी ड्रग्स सेल के प्रभारी डॉ अशोक कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर डॉ अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि आज फिट इंडिया मूवमेंट अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान में युवाओं को नशे से दूर रखने और उनके जीवन शैली में सुधार करने के लिए योग को एक मुख्य स्तंभ के रूप में अपनाया गया है इसमें सबसे पहले शारीरिक और मानसिक डिटॉक्सिफिकेशन यानी विषाक्त तत्वों को बाहर निकलना योग के विभिन्न आसन जैसे भुजंगासन, सूर्य नमस्कार आसन और प्राणायाम शरीर में व्याप्त नशीले पदार्थों के विषाक्त तत्वों को तेजी से बाहर निकालने में मदद करते हैं और शारीरिक क्षमता में सुधार करते हैं। नशे के कारण कमजोर हो चुके शरीर को योग के माध्यम से दोबारा ऊर्जा, लचीलापन और शारीरिक शक्ति मिलती है। साथ ही, नशे की तीव्र इच्छा शक्ति पर नियंत्रण होता है योग मस्तिष्क के उन हिस्सों को संतुलित करता है जो नशे की लत के लिए जिम्मेदार हैं साथ ही इच्छा शक्ति की मजबूती नियमित योग और प्राणायाम से डोपायन का स्तर प्राकृतिक रूप से सुधरता है जिससे युवाओं में नशे की तीव्रता लाभ को रोकने की मानसिक क्षमता बढ़ती है और मानसिक तनाव चिंता और अवसाद से मुक्ति मिलती है और भावनात्मक स्थिरता आती है। एक स्वस्थ और प्रसंक क्रिया दिनचर्या के निर्माण के लिए योग जरूरी है। फिटनेस को प्राथमिकता देना आवश्यक है और फिट इंडिया मूवमेंट का मूल मंत्र भी है “फिटनेस का डोज आधा घंटे रोज”।
आयोजन में डॉ सुगन्धा वर्मा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा इस अवसर पर डॉ० बृजेश चौहान भी उपस्थित रहे। योग प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ अशोक कुमार अग्रवाल रहे जिसमें बालक वर्ग में मंजीत पाल (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, मयंक चौहान (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने द्वितीय एवं अरुण रावत (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में आयुषि राणा (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, साक्षी (बी.एससी. पंचम सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान एवं अनामिका (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

