कोटाबाग, नैनीताल, 15 अक्टूबर 2026, राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में आज ‘सेवा संकल्प अभियान एवं मेरे सपनों का भारत (भारत 2047)’ के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कालाढूंगी क्षेत्र के विधायक माननीय श्री बंशीधर भगत जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री बंशीधर भगत ने अपने संबोधन में युवाओं को राष्ट्रनिर्माण की सबसे महत्त्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि विकसित भारत @ 2047 का संकल्प साकार करने में विद्यार्थियों की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रहित को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण और समाज को नई दिशा देने का महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने, शीघ्र ही गणित एवं जीव विज्ञान विषयों के साथ बीएससी पाठ्यक्रम प्रारंभ कराने की दिशा में प्रयास करने तथा महाविद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कमरुद्दीन ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ना महाविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने महाविद्यालय के विकास हेतु मुख्य अतिथि से प्राप्त सहयोग के आश्वासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रो. डॉ. अंजली पुनेरा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि एवं समस्त अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. आलोक पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के सार्वजनिक जीवन एवं उपलब्धियों का परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन महाविद्यालय के समारोहक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से ही विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्षा लता आर्या के नेतृत्व में छात्र संघ की ओर से मुख्य अतिथि को ज्ञानदायिनी माँ सरस्वती की भव्य प्रतिमा स्मृतिचिह्न के रूप में भेंट की गई। प्राचार्य प्रो. डॉ. कमरुद्दीन ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मुख्य अतिथि, आमंत्रित अतिथियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएँ, प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कार्मिक, आमंत्रित अतिथि, अभिभावक, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख, उपनिरीक्षक श्री देवेंद्र राणा, अन्य गणमान्य नागरिक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सेवा, समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

