हरिद्वार, 03 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष स्वच्छता महाअभियान मंगलवार को 14वें दिन भी जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के विभिन्न गंगा घाटों, मंदिर परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत कनखल स्थित दक्ष मंदिर, शीतल माता मंदिर, कश्यप घाट, ऋषिकुल पुल के आसपास स्थित घाटों, बिड़ला घाट एवं विष्णु घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नगर निगम, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, आदर्श युवा समिति, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, डीएवी पब्लिक स्कूल की एनएसएस यूनिट, एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सोनिया फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों एवं कार्मिकों ने सहभागिता की। इस दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से बड़ी मात्रा में कूड़ा एवं अपशिष्ट एकत्रित किया गया, जिसे उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।
कोर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं द्वारा कश्यप घाट एवं ऋषिकुल पुल के आसपास स्थित घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं, जिला पंचायत की ओर से विकासखंड बहादराबाद के जमालपुर कलां एवं पंजनहेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत 54 किलोग्राम सूखा कूड़ा एवं 153 किलोग्राम गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। इसके अतिरिक्त गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 150 बैग कपड़ा कचरा एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सुपुर्द किया गया।
इस अवसर पर एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 165 स्वयंसेवकों ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की। संस्थान के शिक्षकगण एवं अन्य सदस्यों ने स्वयंसेवकों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्य किया।
जिला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला-2027 से पूर्व गंगा घाटों, मंदिर परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने आमजन एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाने की अपील की है। साथ ही लोगों से आग्रह किया है कि कपड़ों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही जमा कराएं, ताकि गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखी जा सके।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी उमराव सिंह, एनएसएस के जिला समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह, सहायक नगर आयुक्त गौरव रावत, डीएवी पब्लिक स्कूल से श्रीमती अमिता सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार तथा सुपरवाइजर बलराम, दीपक, प्रदीप, अमित, शशांक, रूपा बिश्नोई एवं सुनीति त्यागी सहित नगर निगम की टीम, एनएसएस यूनिट, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं पर्यावरण मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

