ऋषिकेश, 17 अक्टूबर 2026। पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के स्वामी विवेकानन्द सभागार में शनिवार को नवनिर्वाचित विभिन्न महाविद्यालयों एवं परिसरों के छात्र संघ पदाधिकारियों के साथ संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ए. पी. दुबे ने किया।
इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने विभिन्न महाविद्यालयों एवं परिसरों से आए नवनिर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र संघ की भूमिका और कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्र संघ विद्यार्थियों की समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री दिनेश चन्द्रा ने छात्र संघ की अवधारणा, उसके उद्देश्यों एवं दायित्वों पर विद्यार्थियों के साथ विस्तृत चर्चा की। वहीं, मुख्य शास्ता प्रो. धर्मेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन के महत्व से अवगत कराया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. हेमलता मिश्रा ने अपने दायित्वों एवं छात्र कल्याण से जुड़ी गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों एवं परिसरों से आए छात्र संघ पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को माननीय कुलपति के समक्ष रखा। कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय में विद्यमान कमियों तथा विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समस्याओं का यथाशीघ्र निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कुलपति महोदय ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं को भी छात्र संघ पदाधिकारियों के साथ साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा विश्वविद्यालय के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर संकायाध्यक्ष कला प्रो. पी. के. सिंह ने सभी अतिथियों, छात्र संघ पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परिसर के समस्त संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, कर्मचारीगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

