पैठाणी (पौड़ी गढ़वाल), 27 नवंबर 2026। उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद, गुजरात के संयुक्त सहयोग से राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में स्थापित देवभूमि उद्यमिता विकास केंद्र के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय आवासीय स्टार्टअप बूट कैंप के द्वितीय दिवस पर उद्यमिता एवं नवाचार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने व्यावसायिक विचारों पर आधारित बिजनेस मॉडल प्रस्तुत किए, आइडिया पिचिंग की तथा अपने तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद से आए विषय विशेषज्ञ एवं फैकल्टी सदस्य डॉ. रजत शर्मा ने विद्यार्थियों के बिजनेस आइडियाज का मूल्यांकन एवं स्क्रीनिंग की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक बिजनेस मॉडल में परिवर्तित करने, उत्पाद की उपयोगिता, बाजार की संभावनाओं, लक्षित उपभोक्ताओं, लागत एवं लाभ का आकलन करने तथा प्रभावी ढंग से अपने बिजनेस आइडिया की पिचिंग करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार्टअप की सफलता के लिए विचार की नवीनता के साथ-साथ उसकी व्यावहारिकता, बाजार में मांग और व्यावसायिक संभावनाओं का आकलन आवश्यक है।
देवभूमि उद्यमिता योजना के पौड़ी जिला समन्वयक डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत बिजनेस मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं पर आधारित व्यावसायिक विचारों को उद्यम विकास कार्यक्रम (EDP) के माध्यम से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आइडियाज को अधिक व्यावहारिक, रोजगारपरक एवं बाजारोन्मुख बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, कृषि, बागवानी, पर्यटन एवं पारंपरिक ज्ञान को उद्यमिता से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
देवभूमि उद्यमिता योजना के टिहरी जिला समन्वयक श्री दिग्विजय सिंह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं उत्पाद प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की पहचान करने, उनके विचारों की स्क्रीनिंग करने तथा उपयुक्त बिजनेस आइडियाज को उद्यम विकास कार्यक्रम (EDP) के लिए चयनित कर आगे बढ़ाना इस बूट कैंप का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं को स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पादों के व्यावसायिक विस्तार और उनकी ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समूहों में अपने-अपने स्टार्टअप आइडियाज प्रस्तुत किए तथा विशेषज्ञों के समक्ष उनकी पिचिंग की। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया। विशेषज्ञों ने प्रस्तुत बिजनेस मॉडल, उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार, बाजार की मांग एवं व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर विद्यार्थियों को आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
देवभूमि उद्यमिता योजना के संयोजक डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को वास्तविक उद्यम में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। फैकल्टी मेंटर एवं महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल रोजगार प्राप्त करने वाले युवा बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें रोजगार सृजक एवं आत्मनिर्भर उद्यमी बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
इस तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में पौड़ी जनपद के आठ राजकीय महाविद्यालयों के पंजीकृत 60 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. कुमार गौरव जैन, डॉ. कामिका चौधरी, डॉ. उर्वशी, डॉ. आलोक कंडारी एवं डॉ. खिलाप सिंह सहित राजकीय महाविद्यालय वेदीखाल की प्राध्यापक डॉ. पूजा बर्धन तथा राजकीय महाविद्यालय पोखड़ा के प्राध्यापक डॉ. देवानंद दुर्ग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

