राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत एवं भाजपा कार्यकर्ता सुलोचना राणा ने धरना स्थल पहुंचकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज के साथ बैठक कराने का दिया आश्वासन
देहरादून। सौंग बांध से प्रभावित एवं विस्थापित क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार गुरुवार को आठवें दिन भी जारी रहा। सौंग बांध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आंदोलन की अध्यक्षता सौंग बांध समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने की।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल के सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप संचालित किया जा रहा है। आंदोलन के आठवें दिन भी क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की और सरकार से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
धरना स्थल पहुंचीं गीता रावत, सिंचाई मंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन: आंदोलन के आठवें दिन उत्तराखंड सरकार की राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष श्रीमती गीता रावत एवं भाजपा कार्यकर्ता श्रीमती सुलोचना राणा धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनरत ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, बांध प्रभावित परिवारों की परिस्थितियों तथा 15 सूत्रीय मांगों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
इस दौरान श्रीमती गीता रावत ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही प्रदेश के सिंचाई मंत्री श्री सतपाल महाराज के साथ क्षेत्रवासियों की बैठक आयोजित करवाने का प्रयास करेंगी, ताकि प्रभावित परिवारों की समस्याओं एवं उनकी मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल हो सके।
आठवें दिन भी धरने में उमड़ा जनसमर्थन, मातृशक्ति और युवाओं की सक्रिय भागीदारी: आंदोलन को लगातार क्षेत्रवासियों का समर्थन मिल रहा है। धरना स्थल पर महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने आंदोलन की एकजुटता को मजबूती दी। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगें प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी हैं, इसलिए इनका समाधान अब और टाला नहीं जाना चाहिए।
इस अवसर पर सौंग बांध समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह पंवार, सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष कुलदीप पंवार, सचिव बलवीर सिंह कंडारी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पंवार, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, खेमराज कंडारी, पूर्व प्रधान सोबन सिंह कोठारी, अरविंद कंडारी, हरेंद्र पंवार, पदम पंवार, मोर सिंह पंवार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा और व्यापक, चक्का जाम से मुख्यमंत्री आवास घेराव तक की चेतावनी: समिति एवं आंदोलनरत क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार से 15 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र, ठोस एवं न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से प्रभावित परिवार अपनी समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब आश्वासनों के बजाय धरातल पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद भी यदि सरकार ने मांगों की अनदेखी जारी रखी तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन केवल मांगों की सूची तक सीमित नहीं है, बल्कि सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षित भविष्य और न्याय की लड़ाई है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने एक स्वर में कहा कि सौंग घाटी की जनता अपने अधिकारों के लिए एकजुट है और मांगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रखेगी।

Name: Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob : 9319660004
Mail Id : thetimesofharidwar@gmail.com

