हरिद्वार, 05 अक्टूबर: डिजिटल युग में तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी (हरिद्वार) में विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्र के बच्चों एवं महिलाओं के लिए 15 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन जारी है।
महाविद्यालय के आईटी सेल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागी कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीकों का प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक रूप से ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यशाला के प्रथम चरण में महाविद्यालय तथा आसपास के ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों से 40 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्र के बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी, इंटरनेट का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, एमएस ऑफिस तथा दैनिक जीवन और शिक्षा में उपयोगी विभिन्न डिजिटल तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता केवल रोजगार के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षा, संचार और दैनिक जीवन की आवश्यकताओं के लिए भी महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
कार्यशाला का संचालन आईटी सेल के संयोजक डॉ. अर्पित सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने में आईटी सेल के सदस्य डॉ. निधि शर्मा, डॉ. शौर्यादित्य, डॉ. गौरव कुमार मिश्र एवं डॉ. कुमुद सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें कंप्यूटर के विभिन्न अनुप्रयोगों का अभ्यास कराया जा रहा है।
आईटी सेल के संयोजक डॉ. अर्पित सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रति प्रतिभागियों में उत्साह लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बैच के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद आगामी चरणों में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक डिजिटल कौशल से जुड़ सकें।
महाविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य तकनीकी ज्ञान को कक्षा-कक्ष तक सीमित न रखकर समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है, ताकि डिजिटल संसाधनों का उपयोग करते हुए विद्यार्थी, महिलाएं और बच्चे शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com

