वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने किया प्रदर्शन

Spread the love

हरिद्वार। वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने सोमवार को चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग भी उठाई।

जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि चुनाव आयोग को अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता के साथ करते हुए जनता के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का आधार जनता का विश्वास और उसका स्वतंत्र मत है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट की पवित्रता को लेकर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज करना जनादेश के प्रति गंभीर चिंता का विषय है।

वरिष्ठ नेता वरुण बालियान और महेश प्रताप राणा ने कहा कि वोट चोरी के आरोप गंभीर हैं और इनका जवाब स्पष्ट तथ्यों, पारदर्शी प्रक्रिया और स्वतंत्र जांच के माध्यम से दिया जाना चाहिए। अशोक शर्मा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि चुनाव आयोग जनता के मताधिकार का संरक्षक है और उसकी जवाबदेही संविधान तथा जनता के प्रति है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महानगर अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि जनादेश को लेकर उठे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी और रचना शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की।

वरिष्ठ नेता इरफान अंसारी और प्रदेश कांग्रेस महासचिव मकबूल कुरैशी ने कहा कि वोट चोरी से जुड़े आरोपों की ऐसी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए, जिसके निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं। अंकित चौहान और पुनीत कुमार ने कहा कि जांच में जिसकी भी भूमिका दोषपूर्ण मिले, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी और पार्षद अकरम अंसारी ने कहा कि मताधिकार की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है। एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि और ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु राजपूत लोधी ने कहा कि कांग्रेस हर मतदाता के वोट के सम्मान, समान अधिकार और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर संघर्ष करती रहेगी।

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष यूथ कांग्रेस कैश खुराना, श्रमिक नेता विकास सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित, शशि झा, अनुपमा शर्मा, उज्ज्वल वालिया, सतेंद्र वर्मा, अरुण चौहान, यश शर्मा, विवेक जागरिया, विशाल प्रधान, सन्नी सक्सेना, अनिल ठाकुर, आशीष शर्मा, इमरान मंसूरी, अयान सैफी, गौरव गोस्वामी, नंदन कुमार, शुभम जागरिया, मोहित अरियाल, खालिद हसन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *