राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी ने की छात्र संघ चुनाव 2026 की अधिसूचना जारी

Spread the love

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 के संबंध में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आज 22 सितंबर 2026 को सायं 4 बजे चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार छात्र संघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (U.R.) के पदों के लिए चुनाव संपन्न कराया जाएगा।

छात्र संघ निर्वाचन की प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुमार गौरव जैन के नेतृत्व में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न उपसमितियों का गठन कर दिया गया है। समिति द्वारा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को निर्धारित नियमों एवं श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा। अधिसूचना जारी होने के साथ ही छात्र संघ निर्वाचन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम के अंतर्गत नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी, मतदान एवं मतगणना सहित विभिन्न प्रक्रियाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे 29 सितंबर 2026 को होने वाले छात्र संघ चुनाव में निर्वाचन प्रक्रिया के लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन एवं महाविद्यालय की गरिमा का ध्यान रखते हुए सहभागिता करें तथा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय द्वारा निर्धारित निर्वाचन नियमों का पालन करें।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं जिम्मेदार सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं। निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुमार गौरव जैन एवं निर्वाचन समिति द्वारा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उक्त जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *