महाविद्यालय पौख़ाल में युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

Spread the love

इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौख़ाल में नशा मुक्ति समिति के तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुरेश चंद्र ममगाईं ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है और राष्ट्र का भविष्य युवाओं की सोच, ऊर्जा एवं कार्यक्षमता पर निर्भर करता है। नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और व्यक्तित्व को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक संबंधों और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालती है।

नशा मुक्ति समिति की संयोजक डॉ. अंधरुती शाह ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की जागरूक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से अपने आसपास नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण बनाने की अपील की।

नशा मुक्ति समिति के सदस्य डॉ. गोविंद धारीवाल ने छात्र छात्राओं को नशे से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन में आकर नशीले पदार्थों का सेवन न करें तथा आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित सहायता तंत्र से परामर्श लें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण ड. पुष्पा झावा, डॉ सर्वेश कुमार, श्री अरविंद नारायण कर्मचारीगण एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *