गर्ल्स हॉस्टल निर्माण कार्य में हो रही देरी पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का विरोध, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

रायपुर, देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता, रायपुर इकाई ने महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा एवं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्माणाधीन हॉस्टल का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने बताया कि पूर्व में महाविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण कार्य सितंबर माह तक पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कार्य अधूरा है। निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी से छात्राओं में निराशा एवं असंतोष व्याप्त है।

इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं वर्तमान प्रदेश कार्य समिति सदस्य एबीवीपी कुलदीप पंवार ने कहा कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों से शिक्षा ग्रहण करने आती हैं। सुरक्षित एवं सुलभ आवास की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ती है अथवा निजी किराए के कमरों में रहने के लिए विवश होना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाना चाहिए, ताकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से ही छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। परिषद ने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।

एबीवीपी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर छात्राओं को हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई, तो परिषद छात्रहित में चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिता भंडारी, आंचल अजवान, देवांग, सचिन पंवार, संदीप पंवार, सचिन रावत, नैन्सी रावत, सलोनी कैंतुरा सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *