हरिद्वार- कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती के साथ कथित रूप से कई बार दुष्कर्म करने के आरोपित को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल को ग्राम दादूपुर गोविंदपुर निवासी एक महिला ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना देते हुए कोतवाली रानीपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की और लगातार प्रयास किए। इसके बाद 19 मई को युवती स्वयं वापस घर लौट आई।
युवती ने पुलिस को बताया कि सहारनपुर जनपद के थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित ग्राम मगनपुरा बादशाहीबाग निवासी गोविंद पुत्र बेगपाल ने उससे शादी करने का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए आरोपित को सहारनपुर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, बादशाहीबाग बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोविंद पुत्र बेगपाल (24 वर्ष) निवासी ग्राम मगनपुरा बादशाहीबाग, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
