स्टोन क्रेशर में कर्मचारियों से मारपीट, CCTV तोड़े, पिस्टल से फायरिंग का आरोप

Spread the love

लक्सर- जनपद हरिद्वार में लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मेहतौली स्थित अवनि स्टोन क्रेशर पर बुधवार शाम दिनदहाड़े जमकर बवाल हुआ। तीन कारों में सवार होकर पहुंचे नामजद आरोपियों पर क्रेशर में जबरन घुसने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने, CCTV कैमरे तोड़ने और पिस्टल से फायरिंग कर पूरे परिसर में दहशत फैलाने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्रेशर पर काम कर रहे कर्मचारियों में भय का माहौल है।

पुलिस को दी गई तहरीर में अदनान पुत्र अली जान ने बताया कि 1 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे नसरत पुत्र कासिम, अरशद पुत्र कासिम, गुलजार पुत्र असगर और 7-8 अन्य लोग तीन कारों से अवनि स्टोन क्रेशर पहुंचे। आरोप है कि पहले बातचीत का माहौल बनाया गया, लेकिन कुछ ही देर में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने परिसर में लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

अदनान के अनुसार, जब अन्य कर्मचारी बीच-बचाव के लिए आगे आए तो मुख्य आरोपी ने पिस्टल निकालकर दो फायर किए। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिन्होंने वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हड़बड़ी में कुछ लोगों ने अपने ही साथियों की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि क्रेशर के पार्टनर साजिद पुत्र अनीस को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। मारपीट में दो कर्मचारियों के घायल होने का आरोप है। घटना के बाद कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भय के कारण काम करने से भी कतरा रहे हैं।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *