हरिद्वार- थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड हरिद्वार के निदेशक पद के चुनाव के दौरान सोमवार को जिला अस्पताल के सामने स्थित कार्यालय में मतदान के बीच हंगामा हो गया। आरोप है कि मतदान के दौरान विकास तिवारी द्वारा हस्तक्षेप और कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेने की बात सामने आई है। विकास तिवारी ने इस संबंध में ग्राम सुनहरी निवासी सुशील चौहान के खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
बताया गया कि मतदान के दौरान विकास तिवारी और कुछ मतदाताओं तथा प्रत्याशी समर्थकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हाथापाई की नौबत आ गई और विकास तिवारी के साथ मारपीट हुई। इसके बाद उन्होंने नगर कोतवाली पहुंचकर संबंधित लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का आरोप है कि मतदान के दौरान बार-बार हस्तक्षेप और कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के कारण विवाद बढ़ा। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सहकारी भंडार से जुड़े पुराने विवादों का भी इस दौरान जिक्र किया गया। कुछ लोगों ने संस्था की संपत्ति, न्यायालयी प्रकरण और कथित प्रशासनिक लापरवाही को लेकर भी आरोप लगाए।

Name : Dr. Sandeep Bhardwaj
Mob No. : 9319660004
Mail id : thetimesofharidwar@gmail.com
