कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर अखाड़ों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

Spread the love

हरिद्वार-  कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला नियंत्रण भवन में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में विभिन्न अखाड़ों के संतों और प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ से जुड़े स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई तथा संत समाज के सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि कुंभ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का सबसे बड़ा उत्सव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि अखाड़े और कुंभ एक-दूसरे के पूरक हैं तथा संत समाज के मार्गदर्शन और सहयोग के बिना कुंभ की परिकल्पना अधूरी है। सरकार संतों की परंपराओं, भावनाओं और आवश्यकताओं का पूरा सम्मान करते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करेगी।

बैठक में संतों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, शिविर क्षेत्रों, श्रद्धालुओं के आवागमन और पारंपरिक व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संत समाज ने सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि सरकार और अखाड़ों के समन्वित प्रयासों से कुंभ-2027 ऐतिहासिक और श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बनेगा।

मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य तय कार्ययोजना के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अखाड़ों से महामंडलेश्वरों एवं संतों से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने तथा अपने सुझाव लिखित रूप में देने का अनुरोध किया, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

बैठक के दौरान श्री महंत रविन्द्र पुरी (महा निर्वाणी अखाड़ा), महंत राघवेन्द्र दास एवं महंत प्रेमदास (बड़ा उदासीन अखाड़ा), महंत भगत राम एवं महंत जगतार मुनि (नया उदासीन अखाड़ा), संत देवेन्द्र सिंह एवं संत जसविन्दर सिंह (निर्मल अखाड़ा), श्री महंत राजेन्द्र दास एवं श्री महंत राम दास (निर्मोही अखाड़ा), श्री महंत मुरली दास एवं स्वामी संजय दास (निवाणी अणि अखाड़ा), महंत सत्यम गिरी एवं महंत मंसा पुरी (अटल अखाड़ा), श्री महंत वैष्णव दास एवं श्री महंत माधव दास (पंच दिगंबर अखाड़ा), तथा स्वामी महादेवानंद, स्वामी हरिहरानंद एवं स्वामी गोविन्दानंद (अग्नि अखाड़ा) सहित अन्य संत-महात्माओं ने कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अखाड़ों के संत-महात्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *