देहरादून- तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोना ठगने का आरोप

Spread the love

देहरादून- तंत्र-मंत्र और टोना-टोटका का भय दिखाकर करीब 65 तोला सोने के आभूषण ठगने का सनसनीखेज मामला देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में सामने आया है।

पीड़िता ओशीन गुरुंग ने आरोप लगाया है कि वैष्णो माता मंदिर के महंत राहुल थापा ने विशेष पूजा के नाम पर परिवार को अपने झांसे में लेकर सभी सोने के गहने एक लाल कपड़े में बंधवाकर संदूक में रखवा दिए। महंत ने दावा किया कि घर पर बुरा साया और टोना-टोटका है, जिसे दूर करने के लिए यह पूजा आवश्यक है।

पीड़िता के अनुसार 2 मार्च 2026 को महंत ने फोन कर घर के बाहर रखी एक संदिग्ध पोटली दिखाने को कहा और उसे अशुभ बताते हुए विशेष अनुष्ठान कराने की सलाह दी।

शाम को घर पहुंचकर पूजा के दौरान उसने परिवार की संपत्ति और आभूषणों की जानकारी ली तथा करीब 65 तोला सोना एक पोटली में रखवाकर मंदिर में रखे संदूक में बंद करा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि 62 दिनों तक संदूक नहीं खोलना है, अन्यथा पूजा निष्फल हो जाएगी।

निर्धारित समय बीतने के बाद भी महंत लगातार बहाने बनाकर संदूक खुलवाने से बचता रहा। जब पीड़िता को शक हुआ तो उसने परिवार और परिचितों की मौजूदगी में वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए संदूक खोला। संदूक के अंदर सोने के आभूषणों की जगह आधा किलो चावल और तीन सूखे नारियल मिले। इसके बाद महंत का मोबाइल फोन भी बंद मिला।

मामले की शिकायत थाना सेलाकुई में दर्ज कराई गई है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी महंत राहुल थापा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *