तहसील में पत्रकारों का हंगामा, अभद्रता पर फूटा गुस्सा, बीकेयू क्रांति ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

हरिद्वार- लक्सर तहसील परिसर में पत्रकारों और एक सरकारी कर्मचारी के बीच हुआ विवाद शुक्रवार को बड़ा मुद्दा बन गया। तहसील में तैनात नाजिर श्याम सिंह रावत पर लक्सर प्रेस क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद मीडिया कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते तहसील परिसर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन से गूंज उठा।

बताया गया कि प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी किसी कार्य से तहसील पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान नाजिर पद पर तैनात कर्मचारी ने उनके साथ बदसलूकी की।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार तहसील परिसर में जुट गए और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पत्रकारों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब भारतीय किसान यूनियन क्रांति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पत्रकारों के समर्थन में तहसील पहुंच गए। संगठन के नेताओं ने मीडिया कर्मियों के साथ प्रदर्शन करते हुए उप जिलाधिकारी लक्सर को ज्ञापन सौंपा और आरोपी कर्मचारी को तत्काल हटाने की मांग की।

बीकेयू क्रांति ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 29 मई से तहसील सभागार में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। संगठन ने बड़े आंदोलन की चेतावनी देते हुए तहसील प्रशासन पर अफसरशाही और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील में आम जनता और मीडिया को जानकारी देने के बजाय अभद्रता का सामना करना पड़ता है।

दिनभर चले प्रदर्शन के दौरान तहसील परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रदर्शन में प्रेस क्लब संरक्षक रजनीश धीमान, अध्यक्ष प्रवीण सैनी, सचिन, जाने आलम, उपाध्यक्ष फिरोज अहमद, गोविंद चौधरी, कमल धीमान, दीपक कुमार, कृष्णकांत शर्मा, फारूक अली सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। वहीं भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी, जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी, अर्जुन, अनिल प्रधान समेत बड़ी संख्या में किसान नेता भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *